दुर्गूकोंदल /कोड़ेकुर्से। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना कोड़ेकुर्से पुलिस ने शादी का झांसा देकर 8 वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 17 फरवरी 2026 को थाना कोड़ेकुर्से में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका दूर का रिश्तेदार सतीष कुमार गोटा, निवासी ग्राम बोगर नदीपारा, थाना भानुप्रतापपुर, उसके घर में रहकर मलेरिया वर्कर के रूप में कार्य करता था। इस दौरान वर्ष 2013 से 2021 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। लोकलाज के डर से पीड़िता ने उस समय घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोड़ेकुर्से में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 376 एवं 376(2)(ढ) भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शेर बहादूर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 18 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक योगेश कुमार सोनी, उपनिरीक्षक सनातन सरकार, उपनिरीक्षक कलावती थापा, प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव, आरक्षक रूपेश कोड़ोपी, आरक्षक विजय नेताम एवं महिला आरक्षक हुलसी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

